30 साल के बाद नगर निगम ने कराया अवैध कब्जा खाली अलीगढ़ मे रिटायर्ड अवर अभियंता के कब्जे वाले सरकारी आवास पर नगर निगम ने लगाया ताला

अलीगढ़ में नगर निगम ने 30 साल से चले आ रहे अवैध कब्जे को समाप्त कर दिया है। थाना सिविल लाइन के लाल डिग्गी स्थित नगर आयुक्त आवास के पास स्थित सरकारी आवास को खाली करा लिया गया है।

तत्कालीन अवर अभियंता गय्यूर अहमद ने गलत तथ्य पेश कर न्यायालय को गुमराह किया था। इसी आधार पर वह पिछले 30 वर्षों से इस सरकारी आवास पर काबिज थे।

कई नगर आयुक्तों ने नोटिस जारी कर आवास खाली कराने का प्रयास किया। लेकिन गय्यूर अहमद न्यायालय की शरण का हवाला देकर टालते रहे।

वर्तमान नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कार्यभार संभालते ही इस मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने संपत्ति प्रभारी सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह को निर्देश दिए।

न्यायालय में रिट याचिका खारिज होने के बाद भी आवास खाली न करने पर गय्यूर अहमद को अंतिम नोटिस दिया गया।

नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

एसीएम प्रथम, प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन और संपत्ति लिपिक विजय गुप्ता की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराई गई। भवन पर नगर निगम का बोर्ड लगाया गया और ताला लगा दिया गया।

नगर आयुक्त ने कहा कि इस सफल कार्रवाई के लिए नगर निगम संपत्ति विभाग, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीम बधाई की पात्र है। उन्होंने बताया कि अन्य सरकारी भवनों की भी पहचान की जा रही है। जल्द ही ऐसी और कार्रवाई की जाएगी।